हरचंदपुर चौकी में बनेगा नया आवासीय भवन, योगी सरकार ने ₹453.53 लाख की दी मंजूरी
नए भवन के निर्माण से पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ ही क्षेत्र की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी ढंग से संभालने में मदद मिलेगी।
औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —
औरैया / जनमत न्यूज। जनपद औरैया में पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हरचंदपुर चौकी परिसर में नए आवासीय भवन के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना को उत्तर प्रदेश सरकार ने मंजूरी प्रदान करते हुए इसके लिए ₹453.53 लाख की धनराशि स्वीकृत की है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पुलिस विभाग के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में हरचंदपुर चौकी परिसर के विकास के लिए नए आवासीय भवन के निर्माण का निर्णय लिया गया है, जिससे चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधा मिल सकेगी।
गृह विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि परियोजना को औपचारिक स्वीकृति दे दी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य की प्रक्रिया जल्द ही शुरू किए जाने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि नए भवन के निर्माण से पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ ही क्षेत्र की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी ढंग से संभालने में मदद मिलेगी। साथ ही चौकी परिसर के विकास से स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।

Janmat News 
