उरई: अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास पकड़े 10 ट्रक

उप्र के उरई जनपद में अवैध खनन, अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।

उरई: अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास पकड़े 10 ट्रक
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद में अवैध खनन, अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।

जालौन कोतवाली क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास खनिज विभाग, परिवहन विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने नियमों का उल्लंघन कर खनिज परिवहन कर रहे 10 ओवरलोड ट्रकों को पकड़ लिया।

संयुक्त टीम ने एक्सप्रेसवे के आसपास संदिग्ध एवं भारी वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों और लदे हुए खनिज की जांच की। जांच के दौरान कई ट्रकों में निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज लदा पाया गया। इसके बाद अधिकारियों ने सभी 10 वाहनों को कार्रवाई के दायरे में लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी।

अधिकारियों के मुताबिक पकड़े गए वाहनों पर करीब 10 लाख 60 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही खनिज परिवहन से जुड़े वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया। टीम ने वाहन चालकों को निर्धारित मानकों के अनुसार ही खनिज परिवहन करने की हिदायत दी।

प्रशासन का कहना है कि ओवरलोडिंग से जहां सड़कों को नुकसान पहुंचता है, वहीं भारी वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। इसके अलावा अवैध खनिज परिवहन से सरकार को राजस्व का नुकसान होता है। इसी को देखते हुए विभागों की संयुक्त टीम द्वारा लगातार निगरानी और चेकिंग की जा रही है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे सहित जिले के प्रमुख मार्गों पर आगे भी औचक चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। अवैध खनन, बिना वैध दस्तावेज खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पकड़े गए 10 ट्रकों के संबंध में शेष विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई से खनिज परिवहन में नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों में खलबली मची हुई है।