प्रतापगढ़ में सिजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूता की मौत, तीन घंटे पहले बच्ची को दिया था जन्म
उप्र के प्रतापगढ़ जिला महिला अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद एक प्रसूता की मौत हो गई। मृतका की पहचान अमेठी जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के अमरपुर निवासी मनीषा वर्मा (29) के रूप में हुई है।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जिला महिला अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद एक प्रसूता की मौत हो गई। मृतका की पहचान अमेठी जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के अमरपुर निवासी मनीषा वर्मा (29) के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक, मनीषा ने सिजेरियन डिलीवरी के जरिए करीब तीन घंटे पहले एक बच्ची को जन्म दिया था। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने तथा उपचार के नाम पर पैसे लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, अस्पताल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित डॉक्टर का बयान दर्ज कराया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही प्रसूता की मौत की वास्तविक वजह और लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







