उरई: स्टेयरिंग फेल होने से स्कूल बस खाई में गिरी, कई बच्चे घायल; चालक पर लापरवाही का आरोप
उप्र के जालौन जनपद में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। उरई से जालौन जा रही जयपुरिया स्कूल की बस जालौन–उरई स्टेट हाईवे पर अकोड़ी दुबे के समीप अचानक स्टेयरिंग फेल से अनियंत्रित हो गई
उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट
उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के जालौन जनपद में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। उरई से जालौन जा रही जयपुरिया स्कूल की बस जालौन–उरई स्टेट हाईवे पर अकोड़ी दुबे के समीप अचानक स्टेयरिंग फेल से अनियंत्रित हो गई जिसके कारण पहले पुलिया से टकराई बाद में यूपीलिप्टस के पेड़ से टकराकर सड़क के किनारे खंदक में पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों के साथ स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर बच्चों को निकालना शुरू कर दिया। कई डरे हुए थे। कुछ घायल बच्चे रोने लगे थे। अपने माता पिता को बुलाने के लिए बोल रहे थे।
जानकारी के अनुसार बस में दो दर्जन से अधिक स्कूली बच्चे सवार थे। हादसे में कई बच्चे घायल हो गए, जिनमें कुछ के हाथ-पैर में फ्रैक्चर होने की भी सूचना है। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत कार्य कराया गया। इस बीच अस्पताल पहुंचे अभिभावकों ने बस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल हादसे का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


