चार माह के बच्चे की मौत पर निजी अस्पताल में हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

नगर के मोहल्ला कानूनगोयान में रविवार देर रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एक गर्भवती महिला के चार माह के बच्चे की मौत हो गई।

चार माह के बच्चे की मौत पर निजी अस्पताल में हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
REPORTED BY - ABHISHEK SHARMA, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

रामपुर/शाहबाद/जनमत न्यूज। नगर के मोहल्ला कानूनगोयान में रविवार देर रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एक गर्भवती महिला के चार माह के बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने नगर के पुराने रामपुर रोड स्थित निजी अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।

मोहल्ला कानूनगोयान निवासी इजहार ने आरोप लगाया है कि उसने अपनी गर्भवती पत्नी को इलाज के लिए उक्त अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां डॉक्टरों ने इलाज में गंभीर लापरवाही बरती। उसका कहना है कि गलत इलाज और उपेक्षा के कारण गर्भ में पल रहे पांच माह के बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद उसकी पत्नी ने मृत बच्चे को जन्म दिया।

वहीं, डॉक्टर का कहना है कि जब परिजन महिला को अस्पताल लेकर आए तो वह पहले से ही गंभीर स्थिति में थी और उसे अत्यधिक दर्द व ब्लीडिंग हो रही थी। जांच में पता चला कि बच्चा पहले ही गर्भ में मृत हो चुका था। डॉक्टरों का दावा है कि उन्होंने परिजनों को तुरंत उच्च स्तरीय इलाज के लिए अन्य अस्पताल ले जाने की सलाह दी थी, लेकिन परिजन बेवजह हंगामा कर रहे हैं।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत सम्पूर्ण समाधान दिवस पर एसडीएम शाहबाद, सीएमओ रामपुर और कोतवाली पुलिस को लिखित रूप से दी है। इजहार ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कर डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग भी मामले की समीक्षा कर रहा है।