संभल: मामूली कहासुनी में दबंग ने बुजुर्ग को दिया धक्का, सर में चोट लगने से गंभीर घायल
उप्र के संभल जनपद के बबराला कस्बे में दबंगई का एक मामला सामने आया है, जहां एक दबंग ने 80 वर्षीय बुजुर्ग को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया।
संभल से राम व्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद के बबराला कस्बे में दबंगई का एक मामला सामने आया है, जहां एक दबंग ने 80 वर्षीय बुजुर्ग को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया।
सिर में गंभीर चोट लगने के बाद बुजुर्ग को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
पूरा मामला जनपद के बबराला थाना क्षेत्र स्थित बबराला कस्बे का है। साईं मंदिर के पास किसी बात को लेकर 80 वर्षीय गोपाल पाठक और एक दबंग के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि पहले दबंग ने बुजुर्ग के साथ गाली-गलौज की और फिर धक्का देकर उन्हें सड़क पर गिरा दिया। सड़क पर गिरने से गोपाल पाठक के सिर में गंभीर चोट आई।
परिजनों ने उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए मुरादाबाद के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है,घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


