लोहिया संस्थान के नर्सिंग कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया गुजरात स्थापना दिवस

कार्यक्रम में “एकता में विविधता” का संदेश दिया गया और विद्यार्थियों ने गुजराती लोकनृत्य गरबा-डांडिया सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

लोहिया संस्थान के नर्सिंग कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया गुजरात स्थापना दिवस
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

लखनऊ से शैलेन्द्र शर्मा की रिपोर्ट —

लखनऊ / जनमत न्यूज। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ के नर्सिंग कॉलेज में गुजरात स्थापना दिवस बड़े उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में “एकता में विविधता” का संदेश दिया गया और विद्यार्थियों ने गुजराती लोकनृत्य गरबा-डांडिया सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्वलन और स्वागत उद्बोधन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में निदेशक प्रो. डॉ. सी.एम. सिंह, डीन प्रो. डॉ. प्रद्युम्न सिंह, नर्सिंग कॉलेज अध्यक्ष प्रो. डॉ. डी.के. श्रीवास्तव, उप-प्राचार्य प्रो. निपिन कलाल एवं मुख्य नर्सिंग अधिकारी श्रीमती सुमन सिंह उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान समूह गीत, युगल नृत्य, समूह नृत्य और महात्मा गांधी पर आधारित वृत्तचित्र भी प्रस्तुत किया गया, जिसने सत्य और अहिंसा के मूल्यों को पुनर्जीवित किया। वक्ताओं ने सांस्कृतिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और शिक्षा में परंपराओं के महत्व पर प्रकाश डाला।

अंत में धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन ने विद्यार्थियों में सांस्कृतिक जागरूकता, सहभागिता और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत किया।