एनीमिया मुक्त जनपद की ओर बड़ी पहल, महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य पर फोकस
जनपद को एनीमिया मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक महत्वाकांक्षी अभियान की शुरुआत की है।

महराजगंज/जनमत न्यूज। जनपद को एनीमिया मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक महत्वाकांक्षी अभियान की शुरुआत की है। जिलाधिकारी संतोस कुमार शर्मा के निर्देशन में इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देने की तैयारी की जा रही है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और सरकारी कार्यालयों में महिलाओं को नियमित रूप से आयरन और विटामिन-सी की गोलियां उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि “एनीमिया, खासकर महिलाओं और किशोरियों में एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यदि हम सभी मिलकर प्रयास करें, तो इस बीमारी को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।”
डीएम शर्मा ने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और अपने आसपास की महिलाओं को योजना की जानकारी दें। उन्होंने बताया कि आयरन की गोलियों के साथ-साथ संतुलित आहार, हरी सब्जियों और फलों के सेवन पर भी विशेष बल दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर महिलाओं की स्क्रीनिंग करेंगी और आवश्यकतानुसार दवाएं वितरित करेंगी। साथ ही जन जागरूकता रैलियों, नुक्कड़ नाटकों और पोस्टर-बैनरों के माध्यम से अभियान को जन-जन तक पहुँचाने की योजना बनाई गई है। यह पहल महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य में सुधार के साथ-साथ सामाजिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।