कुशीनगर में आबादी के बीच घुसा तेंदुआ, हमले में तीन लोग घायल

वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई। आशंका जताई जा रही है कि तेंदुआ बिहार स्थित वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व से भटककर गांव में पहुंच गया है।

कुशीनगर में आबादी के बीच घुसा तेंदुआ, हमले में तीन लोग घायल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट —

कुशीनगर/जनमत न्यूज। जनपद कुशीनगर के जटहां बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरा गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक तेंदुआ आबादी के बीच पहुंच गया। अचानक तेंदुए के गांव में घुसने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

जानकारी के अनुसार, तेंदुआ एक घर में घुस गया और वहां रखी चारा मशीन के पास छिपकर बैठ गया। इस दौरान तेंदुए के हमले में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और एहतियात के तौर पर पूरे घर को घेर लिया गया, ताकि तेंदुआ बाहर निकलकर किसी और पर हमला न कर सके। गांव में भय और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई। आशंका जताई जा रही है कि तेंदुआ बिहार स्थित वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व से भटककर गांव में पहुंच गया है।

वन विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने की तैयारी की जा रही है। वहीं ग्रामीणों से सतर्क रहने और घरों से बाहर न निकलने की अपील की गई है।