राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मनाया शताब्दी वर्ष, विजयादशमी उत्सव पर हुआ भव्य पथ संचलन
विभाग प्रचारक ओम प्रकाश ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए संगठन के आदर्श, अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। प्रतापगढ़ नगर के अष्टभुजा नगर स्थित शिवम् पैलेस में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में भव्य विजयादशमी उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में उपस्थित रहे और अनुशासित पंक्तियों में पथ संचलन किया।
पथ संचलन नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए गुज़रा, जहां महिलाओं ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। नगरवासियों में इस शोभायात्रा को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम में विभाग प्रचारक ओम प्रकाश ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए संगठन के आदर्श, अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संघ के स्वयंसेवक समाज में समरसता, सेवा और राष्ट्रभावना को सशक्त करने का कार्य निरंतर कर रहे हैं। कार्यक्रम का संयोजन बौद्धिक प्रमुख सौरभ पांडेय ने किया। मंच संचालन में नगर के प्रमुख कार्यकर्ताओं ने सहयोग दिया।