पीलीभीत: इलाज की आस में आयुर्वेदिक अस्पताल पहुंचे मरीजों को मायूसी, गेट पर लटका मिला ताला
उप्र सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन विभागीय लापरवाही के आरोप इन दावों पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
पीलीभीत से प्रेम पाठक की रिपोर्ट
पीलीभीत/जनमत न्यूज़। उप्र सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन विभागीय लापरवाही के आरोप इन दावों पर सवाल खड़े कर रहे हैं। पीलीभीत जनपद के बमरौली स्थित राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल में ओपीडी के निर्धारित समय के दौरान ताला लटका मिलने का मामला सामने आया है।
अस्पताल में उपचार कराने पहुंचे मरीजों को बिना इलाज और दवा के ही वापस लौटना पड़ा। इस घटना से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में चिकित्सक की नियमित उपस्थिति को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। आरोप है कि चिकित्सक निर्धारित समय पर अस्पताल नहीं पहुंचती हैं और कभी-कभार कार्यदिवस में भी अस्पताल बंद मिलता है।
ऐसे में दूर-दराज के गांवों से इलाज की उम्मीद लेकर आने वाले मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ता है। मरीजों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों पर गरीब परिवारों की बड़ी उम्मीदें टिकी होती हैं, लेकिन समय पर उपचार न मिलने से उन्हें निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है।
मामले को लेकर अधिवक्ता पंकज मिश्रा ने क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी से शिकायत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने चिकित्सक की उपस्थिति, अस्पताल खुलने के निर्धारित समय और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की वास्तविक स्थिति की जांच कराए जाने की बात उठाई है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि विभागीय अधिकारी को शिकायत दिए जाने के बावजूद अभी तक मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। इससे विभागीय निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी सक्रिय नहीं होंगे तो सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था में सुधार की उम्मीद कैसे की जा सकती है?
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर अस्पताल का औचक निरीक्षण कराने, चिकित्सक की उपस्थिति पंजिका की जांच करने तथा ओपीडी के निर्धारित समय में अस्पताल खुलवाना सुनिश्चित करने की मांग की है।
साथ ही लापरवाही की पुष्टि होने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई किए जाने की मांग भी उठाई है। अब देखना यह है कि मरीजों की परेशानी और अधिवक्ता की शिकायत पर विभागीय अधिकारी कब जागते हैं और बमरौली के आयुर्वेदिक अस्पताल की व्यवस्था में सुधार के लिए क्या कदम उठाते हैं।



