औरैया: NTPC ने CHC दिबियापुर में टीबी मरीजों को वितरित की निश्चय पोषण किट, किया जागरूक

उप्र के औरैया जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) दिबियापुर में शुक्रवार को NTPC की ओर से टीबी मरीजों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

औरैया: NTPC ने CHC दिबियापुर में टीबी मरीजों को वितरित की निश्चय पोषण किट, किया जागरूक
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट 

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) दिबियापुर में शुक्रवार को NTPC की ओर से टीबी मरीजों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान टीबी से पीड़ित मरीजों को निश्चय पोषण किट वितरित की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के साथ-साथ पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने और उन्हें बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर के अधीक्षक डॉ. विजय आनंद की मौजूदगी में आयोजित हुआ। इस अवसर पर एनटीपीसी की ओर से पहुंचीं सुचित्रा तथा जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एपी सिंह ने मरीजों को निश्चय पोषण किट वितरित कीं।

साथ ही मरीजों को अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतने और नियमित रूप से पौष्टिक आहार लेने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एपी सिंह ने टीबी की बीमारी के लक्षण, संक्रमण फैलने के कारण, बचाव के उपाय और उपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, लेकिन समय पर पहचान और नियमित उपचार से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। इसके लिए जरूरी है कि मरीज चिकित्सक की सलाह के अनुसार नियमित रूप से दवाओं का सेवन करें और उपचार बीच में न छोड़ें।

उन्होंने बताया कि टीबी मरीजों के लिए दवाओं के साथ संतुलित एवं पौष्टिक भोजन भी बेहद महत्वपूर्ण है। पर्याप्त पोषण मिलने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर होती है और मरीज को स्वस्थ होने में सहायता मिलती है। इसी उद्देश्य से निश्चय पोषण किट का वितरण किया जा रहा है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को पोषण संबंधी सहयोग मिल सके।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय आनंद ने भी मरीजों को स्वच्छता बनाए रखने, खांसते और छींकते समय मुंह एवं नाक को ढकने, आसपास साफ-सफाई रखने तथा किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने की सलाह दी। साथी उन्होंने दावा को नियमित रूप से लेने को लेकर भी जागरूक किया है।

इस अवसर पर एनटीपीसी के सहयोग की सराहना करते हुए कहा गया कि टीबी उन्मूलन के अभियान में सामाजिक संस्थाओं एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सहभागिता महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इस प्रकार के प्रयासों से टीबी मरीजों को उपचार के साथ पोषण संबंधी सहायता और बीमारी के प्रति जागरूकता भी मिलती है।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा टीबी मरीज मौजूद रहे। इस मौके पर रवि भान और सौरभ कुमार STLS मौजूद रहे।