पुलिस मुठभेड़—दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, 75 हजार नगदी समेत आभूषण और हथियार बरामद
जनपद अलीगढ़ के खैर और पिसावा थाना क्षेत्रों में हाल ही में हुई लूट व चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक अमृत जैन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुठभेड़ के बाद कार सवार दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट —
अलीगढ़/जनमत न्यूज। जनपद अलीगढ़ के खैर और पिसावा थाना क्षेत्रों में हाल ही में हुई लूट व चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक अमृत जैन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुठभेड़ के बाद कार सवार दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के दौरान उनके दो अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान जनपद बदायूं के थाना हजरतपुर क्षेत्र के गांव गढ़िया पैगमपुर निवासी अनिल खां और जनपद बरेली के थाना सुभाष नगर क्षेत्र के ग्राम अंगूरी टांडा निवासी आमिर पुत्र इसरार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनकी कार से तलाशी के दौरान पीली व सफेद धातु के आभूषण, 75,200 रुपये नकद, दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, चार खाली खोखा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त अर्टिगा कार बरामद की है।
मुठभेड़ से फरार हुए अन्य दो बदमाशों की पहचान जाहिद पुत्र फिरासत और अफजाल पुत्र अबरीन, दोनों निवासी रामगंगा चोरारी थाना सुभाष नगर, जनपद बरेली के रूप में हुई है। गिरफ्तार बदमाशों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे अपने फरार साथियों के साथ मिलकर खैर क्षेत्र के ग्राम बांकनेर, पिसावा क्षेत्र के ग्राम मीरपुर दौड़ा और अलीगढ़ के अन्य इलाकों में चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। बरामद आभूषण और नकदी भी इन्हीं घटनाओं से जुड़े हुए हैं।
एसएसपी नीरज जादौन के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया था। मंगलवार रात थाना खैर, पिसावा पुलिस और क्रिमिनल इंटेलिजेंस विंग की संयुक्त टीम सहजपुरा मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सोफा नहर पटरी की ओर से बिना नंबर की संदिग्ध सफेद अर्टिगा कार आती दिखी। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश गाड़ी तेजी से भगा ले गए। पीछा करने पर कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हुए और पकड़े गए। उनके खिलाफ थाने में मु.अ.सं. 874/25, धारा 109(1) पु.मु./317(2) बीएनएस, व 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और उनकी तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Janmat News 
