बहराइच में इनामिया बदमाश से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से एक घायल; 2 फरार

उप्र के बहराइच जिले में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गयी। पुलिस की तरफ से की गई जवाबी कार्रवाई में 25 हज़ार का इनामियां बदमाश घायल हो गया।

बहराइच में इनामिया बदमाश से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से एक घायल; 2 फरार
Published By- Diwaker Mishra

बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट

बहराइच/जनमत न्यूज़। उप्र के बहराइच जिले में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गयी। पुलिस की तरफ से की गई जवाबी कार्रवाई में 25 हज़ार का इनामियां बदमाश घायल हो गया। जबकि दो अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल बदमाश को पुलिस ने नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया है जहां पर इलाज किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि बौंडी थाना क्षेत्र के खैरा-कोदही मार्ग पर देर रात 3 बदमाश बाइक से सवार होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे कि तभी मुखबिर के जरिये मिली सूचना पर बहराइच की SOG पुलिस एवं बौंडी थाने की पुलिस ने इलाके का घेराबंदी करके बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया।

पुलिस के ललकारते ही बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस की तरफ से की गई जवाबी कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर असलम पैर में गोली लगने से घायल हो गया जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर फिरोज और उसका साथी फरार होने में कामयाब रहे। बदमाशों के पास से 16 हज़ार की नगदी सोने चांदी के जेवरात एवं अवैध असलहे के साथ 2 कारतूस बरामद किया गया है।

पुलिस की गिरफ्त में आए हिस्ट्रीशीटर असलम के ऊपर गैंगस्टर सहित दो दर्जन से अधिक मुकदमा दर्ज हैं पुलिस ने असलम के ऊपर 25 हज़ार का इनाम भी घोषित कर रखा था और काफी दिनों से पुलिस को इस बदमाश की तलाश थी।

एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि फरार हुए बदमाशों की तलाश की जा रही है टीमों को लगा दिया गया है आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।