औरैया के कल्यानपुर जागू हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो सगे भाई गिरफ्तार
उप्र के औरैया जनपद के थाना बिधूना क्षेत्र के ग्राम कल्यानपुर जागू में हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के थाना बिधूना क्षेत्र के ग्राम कल्यानपुर जागू में हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना बिधूना, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दोनों हत्याभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त ईंट, मृतक का मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त साइकिल बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी बिधूना के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने यह सफलता प्राप्त की। गिरफ्तार आरोपियों में राजकिशोर उर्फ कल्लू और उसका छोटा भाई कुंजविहारी शामिल हैं, जो ग्राम कल्यानपुर जागू थाना बिधूना के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार 11 मई 2026 को अतर सिंह निवासी ग्राम कल्यानपुर जागू ने थाना बिधूना में तहरीर देकर बताया था कि उनका पुत्र वी.पी. सिंह उर्फ नन्दकिशोर (32 वर्ष) 10 मई की शाम करीब छह बजे से लापता है।
मामले में गुमशुदगी दर्ज की गई थी। अगले दिन गांव के बाहर एक कुएं में नन्दकिशोर का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। इस संबंध में थाना बिधूना पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की संयुक्त टीमों का गठन किया गया। जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम कल्यानपुर जागू स्थित उर्द के खेत के पास दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पूछताछ में मुख्य आरोपी राजकिशोर उर्फ कल्लू ने बताया कि मृतक ने कुछ समय पूर्व उसकी बहन के साथ गलत हरकत की थी, जिसका बदला लेने के लिए वह लंबे समय से योजना बना रहा था। 10 मई की शाम जब नन्दकिशोर गांव के बाहर आम के पेड़ के पास बैठा था, तभी उसने पीछे से ईंट मारकर उसकी हत्या कर दी।
बाद में उसने अपने छोटे भाई कुंजविहारी की मदद से शव के हाथ-पैर बांधकर साइकिल पर रखा और कुएं में डाल दिया। शव को छिपाने के लिए ऊपर से बाजरे की पराली भी डाल दी गई थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से खून लगी ईंट, मृतक का एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त साइकिल बरामद कर ली है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान, स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक समित चौधरी, उपनिरीक्षक यतेन्द्र कुमार तथा हेड कांस्टेबल दीपेन्द्र सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

Janmat News 
