सीएम योगी के दौरे से पहले पीलीभीत में सियासी हलचल, विपक्षी नेताओं ने लगाया हाउस अरेस्ट का आरोप

सीएम योगी के दौरे से पहले पीलीभीत में सियासी हलचल, विपक्षी नेताओं ने लगाया हाउस अरेस्ट का आरोप

पीलीभीत से प्रेम पाठक की रिपोर्ट 

पीलीभीत/जनमत न्यूज़ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित पीलीभीत दौरे से पहले जिले में सियासी माहौल गरमा गया है।

समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और अन्य संगठनों के नेताओं ने पुलिस प्रशासन पर उन्हें नजरबंद (हाउस अरेस्ट) किए जाने का आरोप लगाया है। नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं।

समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह ‘जग्गा’ ने आरोप लगाया कि सोमवार तड़के करीब 4 बजे से पुलिस ने उन्हें उनके आवास पर ही रोक दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने और जनहित के मुद्दों को मुख्यमंत्री तक पहुंचने से रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।

वहीं कांग्रेस नेता कुमुद गंगवार के समर्थकों का कहना है कि वह किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की मांग कर रहे थे। विरोध प्रदर्शन की आशंका के चलते उन्हें भी हाउस अरेस्ट किए जाने का आरोप लगाया गया है।

इसके अलावा भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष सौरभ भारतीय को भी नजरबंद किए जाने की बात सामने आई है। हिन्दू महासभा के जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा ने भी आरोप लगाया कि बिजली संकट को लेकर जनता की आवाज मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की बात करने पर पुलिस प्रशासन ने उन्हें घर में ही रोक दिया।

नेताओं ने कहा कि जनता बिजली कटौती, किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी और अन्य मुद्दों से परेशान है, लेकिन आवाज उठाने वालों को रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।

हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है।