संभल: आंधी-बारिश के चलते गरीब का आशियाना हुआ धराशाई, खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है परिवार

उप्र के संभल जनपद के विकासखंड बनियाखेड़ा क्षेत्र में गुरुवार रात आई तूफानी आंधी और रिमझिम बारिश ने एक गरीब परिवार का आशियाना उजाड़ दिया।

संभल: आंधी-बारिश के चलते गरीब का आशियाना हुआ धराशाई, खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है परिवार
Published By- Diwaker Mishra

संभल से राम व्रेश यादव की रिपोर्ट  

संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद के विकासखंड बनियाखेड़ा क्षेत्र में गुरुवार रात आई तूफानी आंधी और रिमझिम बारिश ने एक गरीब परिवार का आशियाना उजाड़ दिया। तेज बारिश और आंधी के चलते एक मकान की छत भरभराकर गिर गई, जिससे घर में सो रहा पूरा परिवार मलबे में दब गया।

हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर हो गया।

पूरा मामला जनपद संभल के बनियाखेड़ा गांव का है, जहां निवासी अतीक अहमद अपनी पत्नी जसमीन, तीन वर्षीय बेटी आयशा और एक वर्षीय बेटे असद के साथ घर के बरामदे में सो रहे थे। रात करीब 10:30 बजे अचानक तेज तूफान और बारिश शुरू हो गई।

इसी दौरान कमरे और बरामदे की छत अचानक भरभराकर गिर पड़ी। तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद परिवार को मलबे से बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन घर में रखा सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

पीड़ित अतीक अहमद ने बताया कि हादसे में करीब दो से ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वह मेहनत-मजदूरी और बेलदारी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। अतीक का कहना है कि उसने पहले भी प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन अब तक उसे कोई लाभ नहीं मिला।

हादसे के बाद पीड़ित परिवार ने ग्राम प्रधान नहीम से मदद की गुहार लगाई, लेकिन आरोप है कि उनकी समस्या को अनसुना कर दिया गया। अब परिवार प्रशासन से आर्थिक सहायता और आवास दिलाने की मांग कर रहा है।