प्रतापगढ़: व्यक्ति को मृत बताकर 25 लाख की जमीन का किया बैनामा, एसडीएम ने दिए जांच के आदेश
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद की रानीगंज तहसील क्षेत्र में एक व्यक्ति को सरकारी अभिलेखों में कथित तौर पर मृत दिखाकर उसकी करीब 25 लाख रुपये कीमत की जमीन दूसरे लोगों के नाम दर्ज कराने और बाद में बेचने का मामला सामने आया है।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद की रानीगंज तहसील क्षेत्र में एक व्यक्ति को सरकारी अभिलेखों में कथित तौर पर मृत दिखाकर उसकी करीब 25 लाख रुपये कीमत की जमीन दूसरे लोगों के नाम दर्ज कराने और बाद में बेचने का मामला सामने आया है।
मामले की जानकारी होने पर पीड़ित सियाराम ने रानीगंज एसडीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम ने जांच तहसीलदार को सौंप दी है।
फतनपुर थाना क्षेत्र के पूरे गोशाई गांव निवासी सियाराम के अनुसार उन्होंने वर्ष 2005 में लक्षीपुर बाजार के पास सड़क किनारे स्थित एक बिस्वा जमीन का बैनामा कराया था। मौजूदा समय में इस जमीन की कीमत स्थानीय लोगों के अनुसार करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
हाल ही में सियाराम जमीन की प्रमाणित खतौनी निकलवाने तहसील पहुंचे। वहां संबंधित आराजी नंबर पर दूसरे लोगों के नाम दर्ज देखकर वह हैरान रह गए।
आरोप है कि लक्षीपुर बाजार के पास रहने वाली दो महिलाओं ने अपने पिता का नाम श्रीराम उर्फ सियाराम बताते हुए वर्ष 2022 में उक्त जमीन की वरासत अपने नाम करा ली। इसके बाद दोनों ने दाखिल-खारिज भी करा लिया।
पीड़ित का आरोप है कि वरासत और दाखिल-खारिज के बाद दोनों महिलाओं ने जमीन किसी अन्य व्यक्ति के नाम बैनामा कर दी। सरकारी अभिलेखों की जानकारी मिलने के बाद सियाराम ने रानीगंज एसडीएम के समक्ष शिकायत दर्ज कर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की।
एसडीएम अनुराग सिंह ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच तहसीलदार को सौंपी गई है। जांच में तथ्य सामने आने के बाद दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







