अमेठी में दीवार बनी काल, वृद्ध महिला की मौत; प्रशासन ने तत्काल पहुंचाई आर्थिक सहायता
उप्र के अमेठी जिले के तहसील अमेठी क्षेत्र के ग्राम गगौली के सूबेदार का पुरवा में अतिवृष्टि के चलते दीवार गिरने से 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
अमेठी से राम मिश्रा की रिपोर्ट
अमेठी/जनमत न्यूज़। उप्र के अमेठी जिले के तहसील अमेठी क्षेत्र के ग्राम गगौली के सूबेदार का पुरवा में अतिवृष्टि के चलते दीवार गिरने से 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के परिजनों को 24 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 अगस्त को फूलकली पत्नी बाबूलाल की दीवार गिरने से मृत्यु हो गई थी। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में दैवीय आपदा से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के तहत जिलाधिकारी संजय चौहान के निर्देशन में प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कराई।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के 24 घंटे के भीतर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के माध्यम से मृतका के परिजनों के बैंक खाते में चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता हस्तांतरित की गई। इसके अलावा हादसे में दो बकरियों की क्षति के लिए 8 हजार रुपये और पशुशाला को हुए नुकसान के लिए 3 हजार रुपये की सहायता भी प्रदान की गई।
जिला प्रशासन के मुताबिक, आपदा प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत पहुंचाने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लगातार सक्रिय है। प्रशासन की ओर से पूर्व में भी विभिन्न आपदाओं से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार निर्धारित समय सीमा के भीतर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है।
जिलाधिकारी संजय चौहान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दैवीय आपदा से प्रभावित लोगों को शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध एवं त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत मिल सके।







