प्रतापगढ़: पैर फिसल जाने के चलते कुएं में गिरी किशोरी की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद ​में बकरी चराने गयी किशोरी का पैर फिसल जाने से कुएं में गिर गयी, जिससे उसकी मौत हो गई। किशोरी की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।

प्रतापगढ़: पैर फिसल जाने के चलते कुएं में गिरी किशोरी की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट  

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद ​में बकरी चराने गयी किशोरी का पैर फिसल जाने से कुएं में गिर गयी, जिससे उसकी मौत हो गई। किशोरी की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।

सूचना पर रानीगंज कैथौला चौकी पुलिस व लालगंज की फायर यूनिट मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से शव निकाले जाने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया गया। 

मिली जानकारी के अनुसार जनपद के लालगंज कोतवाली के छोटी पयागीपुर निवासी जगदीश सरोज की सत्रह वर्षीया पुत्री शोभा रविवार को घर से बकरी चराने निकली थी। करीब पांच सौ मीटर दूर वहां एक अंधा कुंआ है।

खेलते खेलते किशोरी का पैर फिसल गया। वह कुएं के गहरे पानी में समा गयी। वहां मौजूद अन्य चरवाहों ने कुएं के भीतर से चीख सुनीं तब वह आवाक रह गये। 

सूचना पर बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे। इधर घटना को लेकर ग्रामीणों की भी भीड़ जमा हो गयी। जानकारी मिलते ही रानीगंज कैथौला पुलिस चौकी से फोर्स भी पहुंच गयी। पुलिस ने लालगंज से फायर यूनिट को बुलवाया।

ग्रामीणों के सहयोग से फायर यूनिट के मशक्कत से किशोरी का शव कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पीएम के लिए दोपहर बाद जिला मुख्यालय भेजवाया। इधर किशोरी की मौत से परिजनों को बिलखते देखा गया।