बलरामपुर में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ, एसपी ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
उप्र के बलरामपुर जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार, 1 नवंबर को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार, 1 नवंबर को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने थाना कोतवाली नगर से यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में यातायात पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित जनपदीय पुलिस के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
यातायात माह के दौरान लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने की अपील की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और अनमोल जिंदगियों को सुरक्षित रखा जा सकता है।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी यातायात विजय कुमार पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



