बलरामपुर: यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत, एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत; 5 घायल
उप्र के बलरामपुर जनपद के तुलसीपुर हाईवे पर लौकाहवा के पास यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत और 5 लोगों के घायल होने की खबर है।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के तुलसीपुर हाईवे पर लौकाहवा के पास यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत और 5 लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती जहां उनका इलाज जारी है, जिनमे 2 की हालत गंभीर है।
स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और हाईवे पर लगे भीषण जाम को खुलवाकर यातायात सुचारू रूप से चालू कराया। टक्कर इतनी भीषण और भयानक थी कि दोनों भारी वाहनों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और तेज धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा।
दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर दौड़े आसपास के साहसी स्थानीय लोगों ने बिना एक पल गंवाए राहत और बचाव कार्य शुरू किया और बड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
भीषण टक्कर के बाद मुख्य हाईवे पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची।
पुलिस ने सबसे पहले क्षतिग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटवाया, यातायात को सुचारू कराया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।



