उरई में यातायात माह का भव्य शुभारंभ, वाहन चलाते समय सुरक्षा कवच उपयोग करने की अपील

उप्र के उरई जनपद में सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन एवं वाहन चालकों को जागरूक करने तथा सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने के उद्देश्य से आज 'यातायात माह नवंबर 2026' का भव्य शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया।

उरई में यातायात माह का भव्य शुभारंभ, वाहन चलाते समय सुरक्षा कवच उपयोग करने की अपील
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट  

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद में सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन एवं वाहन चालकों को जागरूक करने तथा सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने के उद्देश्य से आज 'यातायात माह नवंबर 2026' का भव्य शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया। इस महत्वपूर्ण अभियान का मुख्य ध्येय नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति संवेदनशीलता और अनुशासन को बढ़ाना है।

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ गरिमामयी उपस्थिति के बीच पुलिस अधीक्षक जालौन,  सुरेश चन्द्र रावत द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. ईशान सोनी, अन्य प्रशासनिक अधिकारीगण, गणमान्य नागरिक तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिनकी सहभागिता ने कार्यक्रम को अत्यधिक प्रभावशाली बनाया।

फीता काटने के उपरांत अतिथियों का प्रवेश हुआ और मुख्य कार्यक्रम का विधिवत आरंभ किया गया। समारोह के प्रारंभ में उपस्थित अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

समारोह के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा यातायात नियमों के अनुपालन को प्रेरित करते हुए अत्यंत प्रभावी नुक्कड़ नाटक व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग कितना अनिवार्य है।

साथ ही, प्रतीकात्मक रूप से यमराज के माध्यम से यातायात नियमों की अनदेखी पर होने वाले दुष्परिणामों को दर्शाते हुए नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी  समीर एवं पुलिस अधीक्षक जालौन  सुरेश चन्द्र रावत ने संयुक्त रूप से बल दिया कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक निर्देश नहीं, बल्कि अनमोल जीवन की रक्षा का माध्यम है।

समस्त जनपदवासियों एवं वाहन चालकों से अपील-

वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का बिल्कुल प्रयोग न करें।

निर्धारित गति सीमा  का पूर्ण ध्यान रखें।

कभी भी शराब या मादक पदार्थों का सेवन करके वाहन न चलाएं।

दोपहिया वाहन पर हमेशा मानक हेलमेट का प्रयोग करें तथा तीन सवारी न बैठाएं।

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी  समीर एवं पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर प्रचार वाहनों व इंटरसेप्टर वाहन को जनपद के लिए रवाना किया गया।

जो तख्तियों,  नारों के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा का संदेश देंगे। इसके पश्चात सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ दिलाई गई।