प्रतापगढ़: जमीनी विवाद में किशोर की मौत, सभी की गिरफ्तारी पर अड़े परिजन; अंतिम संस्कार से किया इनकार

उप्र के प्रतापगढ़ जिले के कंधई थाना क्षेत्र के कोनी गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में घायल 14 वर्षीय किशोर प्रवेश पटेल की प्रयागराज मे इलाज के दौरान मौत हो गई।

प्रतापगढ़: जमीनी विवाद में किशोर की मौत, सभी की गिरफ्तारी पर अड़े परिजन; अंतिम संस्कार से किया इनकार
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जिले के कंधई थाना क्षेत्र के कोनी गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में घायल 14 वर्षीय किशोर प्रवेश पटेल की प्रयागराज मे इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार दोपहर तीन बजे करीब पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।

इस घटना में किशोर की मां प्रमिला देवी और बहन प्रतिभा भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। उनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस के अनुसार, पृथ्वीपाल पटेल का अपने ही परिवार के कुछ लोगों से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।

बुधवार को जब पृथ्वीपाल मुकदमे की पैरवी के लिए पट्टी तहसील गए थे, तभी विपक्षी विवादित जमीन पर मेड़ बांधने लगे।इसका विरोध करने पर 14 वर्षीय प्रवेश पटेल से उनकी कहासुनी हुई। आरोप है कि इसके बाद आरोपी प्रवेश के घर में घुस गए और डंडे व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

इस हमले में प्रवेश, उसकी मां प्रमिला देवी (37) और बहन प्रतिभा (17) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को तत्काल सीएचसी कोहंडौर ले जाया गया। वहां से प्रवेश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्रयागराज रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रवेश का शव गांव पहुंचने के बाद परिवार में मातम छा गया और गांव में तनाव का माहौल बन गया। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि इस मामले में पहले चार लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया था।

किशोर की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।