प्रतापगढ़ के सपा सांसद बोले- ठाकुर-पंडितों की बस्ती में सड़क बनी, भाजपा के पूर्व सांसद ने साधा निशाना

उप्र के प्रतापगढ़ से सपा सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल का एक वीडियो सामने आया है। जिससे सांसद सड़क निर्माण को जातीय आबादी से जोड़ते हुए बयान देते नजर आ रहे हैं।

प्रतापगढ़ के सपा सांसद बोले- ठाकुर-पंडितों की बस्ती में सड़क बनी, भाजपा के पूर्व सांसद ने साधा निशाना
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ से सपा सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल का एक वीडियो सामने आया है। जिससे सांसद सड़क निर्माण को जातीय आबादी से जोड़ते हुए बयान देते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो सांगीपुर ब्लॉक क्षेत्र में सोमवार को सपा के कार्यकर्ता सदानंद यादव के आवास पर आयोजित एक बैठक के दौरान का है। वीडियो में सांसद कहते सुनाई दे रहे हैं, जहां ठाकुर और पंडितों की बस्ती है, वहां सड़क बनी हुई है, लेकिन जहां दलित और पिछड़े समाज की बस्ती है, वहां आज तक सड़क नहीं बनी।

सांसद डॉ. एसपी ने कहा कि लोकसभा क्षेत्र की पांचों विधानसभाओं के दौरे के दौरान उन्हें अधिकांश स्थानों पर ऐसी ही स्थिति देखने को मिली। उनकी प्राथमिकता अब दलित और पिछड़े समाज की बस्तियों में सड़क निर्माण कराना है, ताकि विकास का लाभ उन क्षेत्रों तक भी पहुंच सके।

बताया जा रहा है कि सांगीपुर ब्लॉक क्षेत्र में भ्रमण के दौरान रास्ते में कार्यकर्ताओं ने सांसद का स्वागत किया था। इसके बाद उन्होंने यह बयान दिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता ने सपा सांसद पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "दो साल से जनता के बीच से नदारद रहने वाले सांसद जी अब जातीय उन्माद भड़काकर अपना ध्यान भटकाने का खेल खेल रहे हैं।

सड़क किसी एक बिरादरी की नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद की होती है। इस दुर्भाग्यपूर्ण और घटिया राजनीति की जितनी निंदा की जाए, कम है। ईश्वर उन्हें सद्बुद्धि दे।"

पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता ने कहा कि विकास कार्यों को जातीय आधार पर देखने के बजाय सभी वर्गों के हित में किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयान समाज में अनावश्यक विभाजन पैदा करते हैं और विकास की मूल भावना के विपरीत हैं।