मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा मार्ग पर अधिकारियों ने किया पैदल निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा मार्ग पर अधिकारियों ने किया पैदल निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

बीती रात अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन भानु भास्कर, डीआईजी सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस अधिकारियों के साथ रामपुर तिराहा और बागोंवाली कट सहित कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने पैदल गश्त कर सुरक्षा, यातायात, बैरिकेडिंग, भीड़ प्रबंधन, डायवर्जन, निगरानी और आपातकालीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए अधिकारियों ने उन्हें लगातार भ्रमणशील रहने और शिवभक्तों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने शिवभक्तों के साथ विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, एंबुलेंस, अग्निशमन सहित अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

पुलिस-प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी कर रहे हैं।