रायबरेली: मिशन शक्ति के तहत बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन, महिलाओं को सुरक्षा और योजनाओं की दी जानकारी

उप्र के रायबरेली जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत रविवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बहू-बेटी सम्मेलन एवं चौपाल का आयोजन किया गया।

रायबरेली: मिशन शक्ति के तहत बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन, महिलाओं को सुरक्षा और योजनाओं की दी जानकारी
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट

रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत रविवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बहू-बेटी सम्मेलन एवं चौपाल का आयोजन किया गया।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों में पुलिस टीमों ने महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। थाना मिल एरिया क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी में आयोजित चौपाल में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बालिकाओं ने सहभागिता की।

पुलिस टीम ने महिलाओं को 1090, 181, 112, 1076, 102, 1930, 101 और 1098 समेत विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। महिलाओं को बताया गया कि 1090 महिला हेल्पलाइन पर शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन और मातृशक्ति वंदन योजना समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।

पुलिस ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल संबंधित हेल्पलाइन अथवा पुलिस को सूचना दें। चौपाल में महिलाओं की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना गया और उनके त्वरित निस्तारण का भरोसा दिलाया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना है। जनपद के अन्य थाना क्षेत्रों में भी इसी क्रम में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।