बरेली: सिख गुरुओं की छवि से छेड़छाड़ पर रोष, सख्त कार्रवाई की मांग; एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
उप्र के बरेली जनपद की बहेड़ी तहसील में सोशल मीडिया पर वायरल एक आपत्तिजनक वीडियो को लेकर सिख समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है।
बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट
बरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के बरेली जनपद की बहेड़ी तहसील में सोशल मीडिया पर वायरल एक आपत्तिजनक वीडियो को लेकर सिख समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है।
आरोप है कि इंस्टाग्राम आईडी “Mehara junction 001” से एक वीडियो प्रसारित किया गया है, जिसमें AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का दुरुपयोग कर सिख धर्मगुरुओं की छवि के साथ छेड़छाड़ की गई है।
वीडियो में पूज्य गुरुओं को आपत्तिजनक ढंग से दिखाया गया है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। मामले की गंभीरता के मद्देनजर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी बहेड़ी के प्रबंधक निरंजन सिंह के नेतृत्व में सिख समाज के लोग तहसील परिसर पहुंचे और उप जिलाधिकारी को प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि पिछले कुछ दिनों से इंस्टाग्राम, फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एआई के माध्यम से श्री दरबार साहिब और सिख गुरुओं की छवि के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें गलत रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे समाज में गहरा रोष है।
सिख समाज ने मांग की है कि इस तरह की आपत्तिजनक सामग्री बनाने और प्रसारित करने वालों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई इस प्रकार की हरकत न कर सके।
ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो समस्त सिख समाज धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान भारी तादाद में सिख समुदाय के लोग मौजूद रहे।


