मुजफ्फरनगर: बारिश के बीच मंडलायुक्त ने शिवभक्तों का पुष्पवर्षा से किया भव्य स्वागत, बढ़ाया उनका हौसला
कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान शिवभक्तों की आस्था और उत्साह के बीच उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में प्रशासनिक अधिकारियों ने श्रद्धालुओं का स्वागत कर उनका हौसला बढ़ाया।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान शिवभक्तों की आस्था और उत्साह के बीच उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में प्रशासनिक अधिकारियों ने श्रद्धालुओं का स्वागत कर उनका हौसला बढ़ाया।
सहारनपुर मंडल के मंडलायुक्त ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर पहुंचकर बारिश के बीच पैदल चल रहे शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की और उनका भव्य स्वागत किया।
मंडलायुक्त ने श्रद्धालुओं का हाथ जोड़कर अभिवादन किया तथा भगवान भोलेनाथ के भक्तों की मंगलमय, सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की। इस दौरान अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने भी कांवड़ियों की सुविधा एवं सुरक्षा का जायजा लिया।
लगातार बारिश के बावजूद कांवड़ियों के कदम नहीं रुके। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों के साथ शिवभक्त अपने गंतव्य की ओर बढ़ते नजर आए। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कांवड़ यात्रा मार्ग पर अधिकारियों की सक्रिय मौजूदगी से शिवभक्तों में भी उत्साह देखने को मिला। पुष्पवर्षा के दौरान कई श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर प्रशासन का अभिवादन स्वीकार किया और इस स्वागत को आस्था एवं सम्मान से जोड़कर देखा।
बारिश हो या कठिन रास्ता, मुजफ्फरनगर में शिवभक्तों की सेवा और सुरक्षा के लिए प्रशासन लगातार मुस्तैद नजर आ रहा है।




