भदोही: ईंट भट्टों एवं मुसहर समाज के बच्चों के लिए विशेष नामांकन शिविर आयोजित, 260 बच्चों का हुआ नामांकन

उप्र के भदोही जनपद के जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में डायट सभागार में ईंट भट्टों पर कार्य करने वाले श्रमिकों एवं मुसहर समाज के बच्चों के लिए विशेष नामांकन शिविर का आयोजन किया गया।

भदोही: ईंट भट्टों एवं मुसहर समाज के बच्चों के लिए विशेष नामांकन शिविर आयोजित, 260 बच्चों का हुआ नामांकन
Published By- Diwaker Mishra

भदोही से आनन्द तिवारी की रिपोर्ट

भदोही/जनमत न्यूज़। उप्र के भदोही जनपद के जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में डायट सभागार में ईंट भट्टों पर कार्य करने वाले श्रमिकों एवं मुसहर समाज के बच्चों के लिए विशेष नामांकन शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का उद्देश्य समाज के वंचित एवं कमजोर वर्ग के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ते हुए शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराना इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है तथा शासन की मंशा है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि आज आयोजित विशेष शिविर में कुल 260 बच्चों का नामांकन कराया गया है। जिन छोटे बच्चों का आधार कार्ड अद्यतन नहीं हो पाया है, उनके लिए पुनः विशेष कैंप आयोजित कर आधार अपडेट कराने के साथ-साथ विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा।

साथ में कहा कि इसी तरह का कैंप अन्य जगह भी लगाया जाए ताकि कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। जिलाधिकारी में बेसिक शिक्षा विभाग के इस कार्य पहल की सराहना भी की।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल नामांकन कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराकर उसके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखना है। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें तथा शिक्षा के प्रति जागरूक बनें।

उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित समाज की पहचान होता है और बच्चों की अच्छी शिक्षा से व्यक्ति, समाज एवं देश-तीनों का समग्र विकास संभव है।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने नव-नामांकित बच्चों को ड्रेस, स्कूल बैग एवं पाठ्य पुस्तकें वितरित कीं। साथ ही बच्चों को टॉफी देकर उनका उत्साहवर्धन किया।

जिलाधिकारी स्वयं बच्चों के बीच बैठकर उनसे संवाद करते हुए शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करते नजर आए। बच्चों एवं अभिभावकों ने भी इस पहल के प्रति उत्साह व्यक्त किया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे विशेष अभियान निरंतर चलाए जाएं, जिससे जनपद के प्रत्येक पात्र बच्चे का विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला मुख्य चिकित्सा अधिकारी संतोष चक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पाण्डेय शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण, संबंधित विभागीय कर्मचारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।