फतेहपुर कांड के मुख्य आरोपी पर इनाम बढ़कर ₹50 हजार, गिरफ्तारी को सात टीमें सक्रिय

फरार आरोपी की गिरफ्तारी में ढिलाई बरतने पर संबंधित चौकी इंचार्ज को भी निलंबित कर दिया गया है। इससे साफ है कि पुलिस प्रशासन इस मामले में कड़ा रुख अपनाए हुए है।

फतेहपुर कांड के मुख्य आरोपी पर इनाम बढ़कर ₹50 हजार, गिरफ्तारी को सात टीमें सक्रिय
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —

फतेहपुर / जनमत न्यूज। फतेहपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मंगेतर के साथ घूमने निकली युवती के साथ हैवानियत के सनसनीखेज मामले ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। यह मामला खागा कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है, जिसने इलाके में भारी आक्रोश और सनसनी फैला दी है।

मामले में मुख्य आरोपी बबलू सिंह सिंगरौर, जिसे स्थानीय स्तर पर भाजपा नेता बताया जा रहा है, अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ाते हुए इनाम की राशि 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी है।

जानकारी के अनुसार, इस मामले में शामिल दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस की सात टीमें अलग-अलग राज्यों में लगातार दबिश दे रही हैं।

आरोप है कि युवती और उसके मंगेतर को जंगल में बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़िता के साथ दरिंदगी की गई और आरोपियों ने अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी भी दी थी। घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने खागा कोतवाली प्रभारी रमेश पटेल को लापरवाही के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया था। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी में ढिलाई बरतने पर संबंधित चौकी इंचार्ज को भी निलंबित कर दिया गया है। इससे साफ है कि पुलिस प्रशासन इस मामले में कड़ा रुख अपनाए हुए है।

इस सनसनीखेज घटना ने राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।