बलरामपुर में जेई और महिला के बीच विवाद का वीडियो वायरल

हरैया क्षेत्र में कार्यरत लाइनमैन मिश्रीलाल को हटाए जाने के बाद उनकी पत्नी जेई कार्यालय पहुंची थीं। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बातचीत विवाद में बदल गई और मामला बढ़ते-बढ़ते हाथापाई जैसी स्थिति तक पहुंच गया।

बलरामपुर में जेई और महिला के बीच विवाद का वीडियो वायरल
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

बलरामपुर से गुलाम नबी की रिपोर्ट —

बलरामपुर/जनमत न्यूज। जनपद में महिला सम्मान से जुड़ा एक संवेदनशील मामला सामने आया है। 36 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हरैया क्षेत्र में तैनात जेई अजीत कुमार सिंह और एक महिला के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति दिखाई दे रही है।

वायरल वीडियो में कथित रूप से जेई द्वारा महिला का हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की जा रही है, जबकि महिला भी विरोध करते हुए उनसे छीना-झपटी करती नजर आ रही है। इस घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और महिला के साथ व्यवहार पर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार मामला सोमवार का बताया जा रहा है। हरैया क्षेत्र में कार्यरत लाइनमैन मिश्रीलाल को हटाए जाने के बाद उनकी पत्नी जेई कार्यालय पहुंची थीं। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बातचीत विवाद में बदल गई और मामला बढ़ते-बढ़ते हाथापाई जैसी स्थिति तक पहुंच गया।

स्थानीय लोगों का दावा है कि संबंधित जेई पूर्व में भी विवादों में रह चुके हैं और उनके खिलाफ विरोध-प्रदर्शन हो चुका है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।

वीडियो में महिला भी आक्रामक रुख अपनाए दिखाई दे रही है, जिससे पूरे घटनाक्रम की स्थिति जटिल प्रतीत हो रही है। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर सभी की नजरें संबंधित विभाग पर टिकी हैं।