सीतापुर: भाभी को पाने के लिए रची खौफनाक साजिश, दोस्त की हत्या कर भाई को फंसाने की थी योजना

उप्र के सीतापुर जापद की महमूदाबाद पुलिस ने सनसनीखेज हत्या का सफल अनावरण करते हुए आरोपी प्रकाश पुत्र होली निवासी ग्राम ममरापुर, थाना रामपुर कलां को गिरफ्तार कर लिया है।

सीतापुर: भाभी को पाने के लिए रची खौफनाक साजिश, दोस्त की हत्या कर भाई को फंसाने की थी योजना
Published By- Diwaker Mishra

सीतापुर से अनूप पांडेय की रिपोर्ट

सीतापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सीतापुर जनपद की महमूदाबाद पुलिस ने सनसनीखेज हत्या का सफल अनावरण करते हुए आरोपी प्रकाश पुत्र होली निवासी ग्राम ममरापुर, थाना रामपुर कलां को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने मौसेरे भाई पप्पू की पत्नी को अपने साथ रखना चाहता था। इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। पप्पू और प्रेम को झूठे हत्या के मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की साजिश के तहत आरोपी ने अपने साथ मजदूरी करने वाले सुखराम को बहला-फुसलाकर महमूदाबाद क्षेत्र में ले गया। वहां उसे शराब पिलाई और नशे की हालत में रात करीब 1 बजे चाकू से उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को झाड़ियों में छिपा दिया ताकि हत्या का शक सीधे उसके विरोधियों पप्पू और प्रेम पर जाए। हालांकि पुलिस की जांच में पूरा मामला खुल गया और आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है। आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में कोतवाली महमूदाबाद प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।