प्रतापगढ़: समोसे का लालच देकर बच्ची को ले गया जंगल, लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
यूपी के प्रतापगढ़ जनपद के कोहंडौर नगर पंचायत क्षेत्र में नौ वर्षीय बच्ची को समोसा और रुपये देने का लालच देकर साइकिल से जंगल की ओर ले जाने का मामला सामने आया है।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। यूपी के प्रतापगढ़ जनपद के कोहंडौर नगर पंचायत क्षेत्र में नौ वर्षीय बच्ची को समोसा और रुपये देने का लालच देकर साइकिल से जंगल की ओर ले जाने का मामला सामने आया है। बच्ची के परिजनों ने युवक पर उसके साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है।
आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। बताया गया कि नगर पंचायत क्षेत्र की रहने वाली नौ वर्षीय बच्ची को एक युवक ने समोसा खिलाने और रुपये देने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद वह बच्ची को अपनी साइकिल पर बैठाकर कटारी प्राथमिक विद्यालय के पीछे जंगल की ओर ले गया।
कुछ लोगों की नजर जब दोनों पर पड़ी तो उन्हें संदेह हुआ। लोगों ने युवक को रोककर पूछताछ की और बाद में पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।
जांच के बाद युवक की पहचान बिजरा गांव निवासी आनंद सिंह के रूप में बताई गई। बच्ची के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है। कोहंडौर थाना के एसओ अनुपम त्रिपाठी ने बताया कि बालिका के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण उसकी पहचान से संबंधित जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।







