फतेहपुर में अमृत भारत एक्सप्रेस का स्वागत, साध्वी निरंजन ज्योति ने दिखाई हरी झंडी

साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि जिले के बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा और अन्य कार्यों से पुणे की यात्रा करते हैं, लेकिन अब तक उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस नई ट्रेन सेवा से यात्रियों को सीधी और सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा।

फतेहपुर में अमृत भारत एक्सप्रेस का स्वागत, साध्वी निरंजन ज्योति ने दिखाई हरी झंडी
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —

फतेहपुर / जनमत न्यूज। जिले में आज पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने बनारस से पुणे जाने वाली लोकमान्य तिलक टर्मिनस अमृत भारत एक्सप्रेस के फतेहपुर आगमन पर जनप्रतिनिधियों के साथ ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर स्वागत किया। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से इस ट्रेन को रवाना किया था।

फतेहपुर स्टेशन पर ट्रेन के स्वागत के दौरान साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि जिले के बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा और अन्य कार्यों से पुणे की यात्रा करते हैं, लेकिन अब तक उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस नई ट्रेन सेवा से यात्रियों को सीधी और सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि यह ट्रेन फतेहपुर में ठहराव करते हुए पुणे तक जाएगी, जिससे छात्रों, मजदूरों, व्यापारियों और आम यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास और यात्री सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस दौरान साध्वी निरंजन ज्योति ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और यहां जनता को अपनी पसंद की सरकार चुनने का पूरा अधिकार है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता से अपील की कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग कर अच्छी सरकार चुने और राज्य के विकास का मार्ग प्रशस्त करे।

चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाना उचित नहीं है। यदि किसी दल ने अच्छा काम किया है तो जनता उसे वोट देगी। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और जनता के निर्णय पर विश्वास होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि चुनाव की अधिसूचना लागू होने के बाद निर्वाचन आयोग को चुनाव प्रक्रिया संचालित करने का अधिकार होता है। आयोग किस प्रकार चुनाव कराएगा, यह उसका संवैधानिक दायित्व है। ऐसे में बिना कारण संस्थाओं पर सवाल उठाना ठीक नहीं है।

साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि परिणाम आने से पहले घबराहट दिखाना उचित नहीं है। पश्चिम बंगाल की जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब भी देगी। कार्यक्रम के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर में जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और यात्रियों की भीड़ मौजूद रही।