बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया निरीक्षण
बहराइच जनपद के प्रभारी मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही ने जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चंद्र सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का व्यापक भ्रमण कर स्थिति का जायज़ा लिया।

बहराइच/जनमत न्यूज। जनपद बहराइच में लगातार हो रही वर्षा के कारण नदियों के जलस्तर में बढ़ोत्तरी से उत्पन्न हुए बाढ़ जैसे हालातों को देखते हुए प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री व बहराइच जनपद के प्रभारी मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही ने जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चंद्र सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का व्यापक भ्रमण कर स्थिति का जायज़ा लिया।
सबसे पहले प्रभारी मंत्री घाघराघाट स्थित केन्द्रीय जल आयोग के गेज स्टेशन पहुंचे, जहां अधिशासी अभियंता सरयू ड्रेनेज खंड जे.पी. वर्मा ने उन्हें नदी के जलस्तर, रुझान एवं डिस्चार्ज की विस्तृत जानकारी दी।
इसके पश्चात श्री शाही ने घाघराघाट की बाढ़ चौकी एवं चिकित्सा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित ग्रामवासियों से संवाद करते हुए बताया कि प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी बाढ़ की स्थिति को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं और पीड़ितों की हरसंभव मदद सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं लगातार वर्चुअल बैठकों के माध्यम से सभी जिलों की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
प्रभारी मंत्री ने तहसील महसी अंतर्गत ग्राम पूरे सीताराम में स्थापित बाढ़ शरणालय पहुंचकर विधायक महसी सुरेश्वर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय, डीएम अक्षय त्रिपाठी और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में कटान प्रभावित परिवारों को खाद्यान्न किट वितरित की। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि आपदा की घड़ी में शासन-प्रशासन उनके साथ खड़ा है। श्री शाही ने कहा कि भारत सरकार और योगी सरकार न केवल विकासपरक योजनाएं चला रही हैं, बल्कि प्राकृतिक आपदाओं के समय पीड़ितों की मदद में भी पूरी तरह सजग है।