हरदोई में जलभराव पर सपा का अनोखा प्रदर्शन, सड़क पर रोपी धान की पौध; भाजपा का झंडा गाड़कर जताया विरोध

उप्र के हरदोई जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद शहर में जलभराव और बदहाल सड़कों के विरोध में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया।

हरदोई में जलभराव पर सपा का अनोखा प्रदर्शन, सड़क पर रोपी धान की पौध; भाजपा का झंडा गाड़कर जताया विरोध
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद शहर में जलभराव और बदहाल सड़कों के विरोध में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। शहर के आरआर इंटर कॉलेज के सामने टूटी सड़क पर जलभराव के बीच सपा कार्यकर्ताओं ने धान की पौध रोपी और भाजपा का झंडा गाड़कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सपा के प्रदेश सचिव (व्यापार सभा) राम ज्ञान गुप्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में हरदोई शहर की सड़कें बदहाल हो चुकी हैं और जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। इसी सड़क पर हाल ही में कई ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल और अन्य वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं, जिससे लोगों और वाहनों को नुकसान उठाना पड़ा है।

राम ज्ञान गुप्ता ने कहा कि सरकार और प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करने के लिए सपा कार्यकर्ताओं ने जलभराव वाली सड़क पर धान की पौध रोपी और गड्ढों में भाजपा का झंडा लगाकर विरोध दर्ज कराया।

उनका आरोप है कि भाजपा सरकार में विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित हैं, जबकि धरातल पर जनता बदहाल सड़कों और जलभराव जैसी समस्याओं से जूझ रही है।

उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में हरदोई शहर की स्थिति बेहद दयनीय हो गई है और लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सपा नेता ने बताया कि जिस सड़क पर प्रदर्शन किया गया, वहां आरआर इंटर कॉलेज, एक निजी स्कूल और बच्चों का अस्पताल भी स्थित है।

इसके बावजूद प्रशासन समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रहा है।सपा नेताओं ने सरकार और प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।