प्रतापगढ़ में सपा कार्यकर्ताओं का पैदल मार्च, मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज बुधवार, 7 अक्टूबर को ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत शहर में पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 11 बजे अंबेडकर चौराहे से हुई।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज बुधवार, 7 अक्टूबर को ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत शहर में पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 11 बजे अंबेडकर चौराहे से हुई।
बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता हाथों में झंडे और नारे लिखी तख्तियां लेकर पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर नारेबाजी की।
कार्यकर्ताओं ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ का संदेश देते हुए लोगों को लोकतंत्र और मताधिकार के प्रति जागरूक किया। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने सरकार की नीतियों के विरोध में पुतला भी फूंका।
प्रदर्शन के चलते कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास कुछ देर तक गहमागहमी का माहौल रहा। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। प्रदर्शन के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान व्यवस्था जरूरी है। मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के साथ ही चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने की मांग उठाई गई।



