हरदोई कलेक्ट्रेट के बाहर सपाइयों ने फूंका CEC का पुतला, जमकर नारेबाजी; वैध वोट काटने का आरोप

उप्र के हरदोई जनपद के कलेक्ट्रेट गेट के सामने बुधवार को समाजवादी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया।

हरदोई कलेक्ट्रेट के बाहर सपाइयों ने फूंका CEC का पुतला, जमकर नारेबाजी; वैध वोट काटने का आरोप
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के कलेक्ट्रेट गेट के सामने बुधवार को समाजवादी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के दौरान मौके पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल रहा।

समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव राम ज्ञान गुप्ता ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार और बंगाल चुनाव से लेकर लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें समाजवादी पार्टी के समर्थकों के वोट काटे जाने का आरोप है।

उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की ओर से करीब 18 हजार प्रमाणपत्रों के साथ चुनाव आयोग में शिकायत की गई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

राम ज्ञान गुप्ता ने कहा कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त ने इस्तीफा देकर पद नहीं छोड़ा तो समाजवादी पार्टी प्रदेश और देशभर में पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के कहने पर काम कर रहा है।

वहीं, युवजन सभा हरदोई के पूर्व जिलाध्यक्ष हरिनाम सिंह यादव ने कहा कि विशेष रूप से यादव और अल्पसंख्यक समुदाय के वैध वोट काटे जाने का आरोप है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने इस संबंध में प्रमाणपत्रों के साथ लिखित शिकायत की है।

यदि मतदाताओं को वोट डालने से वंचित करने का प्रयास जारी रहा तो चौराहे-चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने चुनाव आयोग से मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की जांच कराने और शिकायतों पर कार्रवाई की मांग की।