सहारनपुर: राहगीर को रोककर मारपीट, 12 हजार रुपये और मोबाइल लूटने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार
उप्र के सहारनपुर जिले के चिलकाना थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार युवक को रोककर मारपीट करने और नकदी व मोबाइल फोन लूटने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जिले के चिलकाना थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार युवक को रोककर मारपीट करने और नकदी व मोबाइल फोन लूटने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 4,500 रुपये नकद, लूटा गया एक मोबाइल फोन, 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है पुलिस के मुताबिक, मरोड़गढ़ गांव निवासी आवेश ने 2 अक्टूबर शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात मोटरसाइकिल सवार लोगों ने उसके साथ मारपीट कर मोबाइल फोन और नकदी लूट ली।
मामले में चिलकाना थाने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बंद पड़े ईंट भट्ठे के पास से उजैफ, ऋतिक, प्रियांशु, फैज और दीपांशु को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आपस में दोस्त हैं और एक साथ रहते हैं। उन्होंने कथित तौर पर 1 और 2 अक्टूबर की मध्यरात्रि ग्राम कातला से मरोड़गढ़ जाने वाले रास्ते पर एक मोटरसाइकिल सवार को रोककर उसके साथ मारपीट की और 12 हजार रुपये तथा मोबाइल फोन लूट लिया।
आरोपियों ने बताया कि लूटी गई रकम आपस में बांट ली थी। बरामद 4,500 रुपये इसी वारदात से संबंधित हैं, जबकि मोबाइल फोन ऋतिक ने अपने पास रख लिया था। आरोपियों के मुताबिक, उन्होंने मोबाइल से सिम कार्ड निकालकर फेंक दिया था।
पूछताछ में आरोपियों ने यह भी बताया कि वे लूटपाट के दौरान लोगों को डराने-धमकाने और अपनी सुरक्षा के लिए तमंचा व चाकू रखते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को जानकारी मिल गई थी कि पुलिस उनकी तलाश कर रही है, इसलिए वे एक साथ इकट्ठा होकर भागने की फिराक में थे।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य संबंधित धाराएं और आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाई हैं। गिरफ्तार आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।



