पीलीभीत में उधारी के पैसे के विवाद में दोस्त की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार; घटना में प्रयुक्त कट्टा बरामद

उप्र के पीलीभीत जनपद के थाना बीसलपुर पुलिस ने दोस्त शिवम शर्मा की हत्या के मामले में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पीलीभीत में उधारी के पैसे के विवाद में दोस्त की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार; घटना में प्रयुक्त कट्टा बरामद
Published By- Diwaker Mishra

पीलीभीत से प्रेम पाठक की रिपोर्ट

पीलीभीत/जनमत न्यूज़। उप्र के पीलीभीत जनपद के थाना बीसलपुर पुलिस ने दोस्त शिवम शर्मा की हत्या के मामले में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं, एक आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त प्लास्टिक का कट्टा भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 4 अक्टूबर को अमरा करोड़ चौराहे के पास से रजनीश उर्फ सतेन्द्र कुमार पुत्र अवध बिहारी लाल उर्फ गोपाल निवासी ग्राम अमरा करोड़, थाना बीसलपुर, उम्र करीब 28 वर्ष तथा हरीश कुमार पुत्र रामचन्द्र निवासी ग्राम खंजनपुर, थाना नवाबगंज, जनपद बरेली, उम्र करीब 26 वर्ष को गिरफ्तार किया गया।

वहीं मिथुन पुत्र कृष्णपाल निवासी ग्राम अमरा करोड़, थाना बीसलपुर, उम्र करीब 35 वर्ष को महेन्द्र नगर कॉलोनी के सामने ग्राम महावा जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि रजनीश उर्फ सतेन्द्र कुमार और हरीश कुमार के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई। मिथुन की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त प्लास्टिक का कट्टा बरामद किया गया।

तीनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक 21 सितंबर 2026 को बिट्टो देवी पत्नी रामसहाय शर्मा निवासी मोहल्ला दुर्गाप्रसाद, वार्ड नंबर 14, बीसलपुर ने अपने 28 वर्षीय पुत्र शिवम शर्मा की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

पुलिस और अन्य टीमों द्वारा तलाश के दौरान 2 अक्टूबर को शिवम शर्मा का शव थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम खंजनपुर स्थित पनघेली नदी से बरामद किया गया। इसके बाद मृतक की मां की तहरीर पर थाना बीसलपुर में मुकदमा अपराध संख्या 456/2026 के तहत संबंधित धाराओं में रजनीश, मिथुन, हरीश तथा दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

शराब पीने के बाद नदी किनारे ले जाने का आरोप

पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि पहले मिथुन और रजनीश ने बीसलपुर में शराब पी। इसके बाद उन्होंने शिवम शर्मा को रास्ते से अपने साथ ले लिया। तीनों ने भट्टी पर शराब पी और फिर हरीश के ग्राम खंजनपुर स्थित घर पहुंचे, जहां खाना खाने के बाद चारों ने शराब पी। इसके बाद सभी पनघेली नदी के पास पहुंचे।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नदी के पास प्लास्टिक के कट्टे से शिवम शर्मा का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के पीछे शिवम शर्मा का मिथुन से पूर्व विवाद तथा रजनीश के 6,500 रुपये वापस न करने का विवाद सामने आया है। पुलिस के मुताबिक रुपये के लेनदेन और पुराने विवाद को हत्या की वजह बताया गया है।