प्रतापगढ़: मजदूरी मांगने पर की गई मारपीट में घायल चालक की मौत, शव रखकर ग्रामीणों ने किया हंगामा
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में बकाया मजदूरी के रुपये मांगने पर हुई मारपीट में घायल ट्रक चालक मनोज सोनकर (32) की इलाज के दौरान मौत के बाद बुधवार को ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में बकाया मजदूरी के रुपये मांगने पर हुई मारपीट में घायल ट्रक चालक मनोज सोनकर (32) की इलाज के दौरान मौत के बाद बुधवार को ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। शव गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन एकत्र हो गए।
आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजन अंतिम संस्कार से पहले सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस और जनप्रतिनिधि ग्रामीणों व परिजनों को समझाने में जुटे हैं।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के नौढ़िया गोविंद रसूलपुर निवासी मनोज सोनकर ट्रक चालक था। परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम वह मानिकपुर थाना क्षेत्र के आलापुर बाईपास के पास ट्रक मालिक से अपनी बकाया मजदूरी मांगने गया था।
आरोप है कि मजदूरी के रुपये मांगने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद ट्रक मालिक जयप्रकाश तिवारी उर्फ मुन्नू और उसके साथियों ने लोहे की रॉड से मनोज की पिटाई कर दी। मारपीट में मनोज के सीने में गंभीर चोट आई। घायल अवस्था में उसने पत्नी को फोन कर घटना की जानकारी दी।
परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। परिजन उसे प्रयागराज लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक मालिक समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने एक आरोपी अखिलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी ट्रक मालिक समेत अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। बुधवार सुबह शव गांव पहुंचने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
परिजनों का कहना है कि जब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी और जनप्रतिनिधि परिजनों से बातचीत कर रहे हैं। अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।



