उरई में 9 मई को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत: जिला जज विरजेन्द्र कुमार सिंह

उप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 09 मई 2026 को आयोजित की जाने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित किये जाने हेतु आज जनपद न्यायाधीश विरजेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला दीवानी न्यायालय सभागार में समस्त न्यायिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।

उरई में 9 मई को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत: जिला जज विरजेन्द्र कुमार सिंह
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 09 मई 2026 को आयोजित की जाने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित किये जाने हेतु आज जनपद न्यायाधीश विरजेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला दीवानी न्यायालय सभागार में समस्त न्यायिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। इसमें उपस्थित न्यायिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।

इस सम्बन्ध में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती शाम्भवी-। द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार समीक्षा बैठक में जनपद न्यायाधीश विरजेन्द्र कुमार सिंह ने उपस्थित सभी न्यायिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो मामले नेशनल ज्यूडिशियल डाटा ग्रिड (एनजेडीजी) पर दर्ज है, मात्र वहीं मामले इस लोकअदालत में निस्तारित किये जायेंगे।

ऐसी स्थिति में सभी अधिकारी उनके न्यायालयों में विचाराधीन मामलों में से ऐसे मामलों को तत्काल चिन्हित करके सम्बन्धित पक्षकारों को अविलम्ब सूचित करें तथा वादकारियों को सुलह-समझौते के लिये प्रेरित करें और अधिक से अधिक प्रकरणों का निस्तारण करें।

उन्होंने दिनांक 06 से 08 मई 2026 तक प्रत्येक दिन आयोजित विशेष लोकअदालत में लघु शमनीय आपराधिक (पेटी ऑफेन्स) मामलो को अधिक से अधिक संख्या में निस्तारित करने के लिये समस्त न्यायिक मजिस्ट्रेटों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिये निर्देशित किया, जिससे लघु शमनीय आपराधिक मामलों का निस्तारण हो सके।

इसी क्रम में सम्बन्धित न्यायालयों के पीठासीन अधिकारियों को आगामी दिनांक 09.05.2026 को आयोजित होने वाली आर्बिट्रेशन मामलों की विशेष लोकअदालत हेतु अधिकाधिक संख्या में वाद नियत करने तथा उन्हें निस्तारित करने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में नोडल अधिकारी/अपर जिला न्यायाधीश सतीश चन्द्र द्विवेदी, अपर जिला जज/विशेष न्यायाधीश चन्द्र मोहन चतुर्वेदी, मुन्ना प्रसाद, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिषेक खरे, सिविल जज सी.डि. प्रतिभा, सिविल जज सी.डि./एफ.टी.सी. मनाली चन्द्रा,

सिविल जज जू.डि./न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रत्यूश प्रकाश, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती शिंजनी यादव, अपर सिविल जज जू.डि. अंकिता सिंह, अपर सिविल जज जू.डि. अनिरूद्ध सिंह, अपर सिविल जज जू.डि. (14वां वित्त आयोग) सुश्री शैजला एवं विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम सैयद अली मेहदी आबिदी उपस्थित रहे।