बीमा फ्रॉड पर संभल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट में संपत्ति कुर्क, 68 आरोपी जेल भेजे गए

भोले-भाले नागरिकों को निशाना बनाकर मरणासन्न अवस्था में उनका बीमा कराते थे और बाद में धोखाधड़ी के जरिए बीमा राशि हड़प कर उनका शोषण करते थे।

बीमा फ्रॉड पर संभल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट में संपत्ति कुर्क, 68 आरोपी जेल भेजे गए
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

संभल से रामब्रेस यादव की रिपोर्ट —

संभल/जनमत न्यूज। संभल जिले में उजागर हुए बीमा फ्रॉड की जांच की आंच अब अन्य प्रदेशों तक पहुंच गई है। बीमा धोखाधड़ी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए संभल पुलिस ने अब तक 68 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। वहीं, गैंगस्टर एक्ट के तहत आज अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई भी की जा रही है।

पूरा मामला बबराला थाना क्षेत्र की एक निजी नगर पंचायत से जुड़ा है, जहां सक्रिय दो बीमा फ्रॉड माफियाओं की संपत्ति को कुर्क किया गया है। आरोप है कि ये लोग भोले-भाले नागरिकों को निशाना बनाकर मरणासन्न अवस्था में उनका बीमा कराते थे और बाद में धोखाधड़ी के जरिए बीमा राशि हड़प कर उनका शोषण करते थे। बीमा फ्रॉड से अर्जित संपत्ति पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आवासों को कुर्क किया है।

इन आरोपियों के खिलाफ रजपुरा थाना में बीमा फ्रॉड से संबंधित मुकदमा दर्ज है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश जारी है।
अपर पुलिस अधीक्षक अनुकृति शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत अब तक 68 लोगों को बीमा फ्रॉड के मामलों में जेल भेजा जा चुका है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गिरोह का नेटवर्क संभल जिले के साथ-साथ अन्य जनपदों और राज्यों तक फैला हुआ है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बीमा फ्रॉड से जुड़े मामलों की जांच लगातार जारी है और अधिकांश बीमा माफिया फिलहाल जिले से फरार हैं। संभल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।