बलरामपुर से गुलाम नबी की रिपोर्ट —
बलरामपुर/जनमत न्यूज। जनपद के थाना श्रीदत्तगंज क्षेत्र में पाइप को लेकर हुए विवाद में 65 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त क्रिकेट बैट और स्टम्प भी बरामद कर लिए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 अप्रैल 2026 को वादी सलीम निवासी पिपरा याकूब बभनी ने थाना श्रीदत्तगंज में सूचना दी कि उनके भाई निजामुद्दीन (65) की गांव के ही कुछ लोगों ने पाइप वापस करने को लेकर हुए विवाद में बैट और स्टम्प से पीट-पीटकर हत्या कर दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय तथा क्षेत्राधिकारी उतरौला राघवेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अविरल शुक्ल के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता की वृद्धि की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने 6 अप्रैल 2026 को चारों आरोपियों अकरम खां, सलमान खां, शमसुद्दीन खां और अनवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त क्रिकेट बैट और स्टम्प भी बरामद कर लिए हैं। सभी आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना श्रीदत्तगंज पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें थानाध्यक्ष अविरल शुक्ल, उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह तथा उपनिरीक्षक मूलचंद शामिल रहे।