अखिलेश यादव से शाने अली की मुलाकात से पीलीभीत की राजनीति गरमाई, सपा में वापसी की चर्चाएं तेज

फिलहाल इस मुलाकात के बाद पीलीभीत की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और सभी की नजरें समाजवादी पार्टी की आगामी रणनीति पर टिकी हुई हैं।

अखिलेश यादव से शाने अली की मुलाकात से पीलीभीत की राजनीति गरमाई, सपा में वापसी की चर्चाएं तेज
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

पीलीभीत से प्रेम पाठक की रिपोर्ट —

पीलीभीत/जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पीलीभीत की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। पूर्व मंत्री स्वर्गीय हाजी रियाज अहमद के बेटे शाने अली ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात कर राजनीतिक चर्चाओं को नया मोड़ दे दिया है।

राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को शाने अली की समाजवादी पार्टी में संभावित वापसी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि अपने पिता की राजनीतिक विरासत को संभालने की कोशिश में शाने अली ने एक बार फिर सपा का रुख किया है।

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के दौरान टिकट न मिलने से नाराज होकर शाने अली ने समाजवादी पार्टी छोड़ दी थी और बाद में बहुजन समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया था। हालांकि चुनाव में उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिली और राजनीतिक तौर पर उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा।

अब सपा प्रमुख से मुलाकात के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि शाने अली एक बार फिर समाजवादी पार्टी में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह मुलाकात काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

वहीं दूसरी ओर विरोधी दलों और राजनीतिक हलकों में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या शाने अली टिकट की उम्मीद में फिर से सपा में लौटना चाहते हैं या फिर वे अपने दिवंगत पिता की राजनीतिक विरासत को मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में काम करेंगे।

फिलहाल इस मुलाकात के बाद पीलीभीत की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और सभी की नजरें समाजवादी पार्टी की आगामी रणनीति पर टिकी हुई हैं।