प्रतापगढ़ के मटन नाले में डूबे भाई-बहन, मौके पर पहुंचे स्थानीय गोताखोर; रेस्क्यू अभियान जारी

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के उदयपुर थाना क्षेत्र के दुल्लापुर घाट स्थित मटन नाले में सोमवार सुबह नहाने गए दो बच्चे गहरे पानी में डूबकर लापता हो गए।

प्रतापगढ़ के मटन नाले में डूबे भाई-बहन, मौके पर पहुंचे स्थानीय गोताखोर; रेस्क्यू अभियान जारी
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट   

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के उदयपुर थाना क्षेत्र के दुल्लापुर घाट स्थित मटन नाले में सोमवार सुबह नहाने गए दो बच्चे गहरे पानी में डूबकर लापता हो गए। दोनों भाई-बहन पांच बच्चों के साथ नहाने पहुंचे थे। हादसे के बाद तीन बच्चे सकुशल अपने घर लौट आए और उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी।

जानकारी के अनुसार, ग्राम गाड़ी दर्रा निवासी अरविंद सिंह के 13 वर्षीय पुत्री आईशा सिंह और सात वर्षीय पुत्र राम सिंह सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे गांव के तीन अन्य बच्चों के साथ थाना सांगीपुर क्षेत्र के दुल्लापुर घाट स्थित मटन नाले में नहाने गए थे।

नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से आईशा और राम सिंह डूब गए। तीन अन्य बच्चे सुरक्षित घर लौटे और परिजनों को दोनों के डूबने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नाले के आसपास दोनों बच्चों की तलाश शुरू की।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। बच्चों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। लालगंज के एसडीएम, तहसीलदार समेत भारी पुलिस बल भी घटनास्थल पर मौजूद है। प्रशासन और पुलिस की निगरानी में लापता भाई-बहन की तलाश के व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं।