हरदोई: खेत में काम कर रहे लोगों पर गिरी आकाशीय बिजली, 6 किसान झुलसे; मेडिकल कॉलेज रेफर

उप्र के हरदोई जनपद के पाली थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में गुरुवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से खेत में खीरे की गुड़ाई कर रहे छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई।

हरदोई: खेत में काम कर रहे लोगों पर गिरी आकाशीय बिजली, 6 किसान झुलसे; मेडिकल कॉलेज रेफर
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के पाली थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में गुरुवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से खेत में खीरे की गुड़ाई कर रहे छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाली पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

दरियापुर गांव निवासी उमेश पुत्र रघुराज के खेत में खीरे की गुड़ाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई।

तभी आकाशीय बिजली खेत के में गिर गई, जिसकी चपेट में आकर उमेश, सचिन पुत्र उमेश, हंसू पुत्र वीरपाल, शेरू पुत्र रविंद्र, नीरज पुत्र राजकुमार तथा कोमल पुत्री उमेश गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायल दरियापुर गांव के निवासी हैं। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सभी घायलों को आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाली ले जाया गया।

अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। अपनों की हालत देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जिससे अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. आनंद शुक्ला ने बताया कि सभी घायलों की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली।