फतेहपुर में तूफान का कहर, 11 लोगों की मौत, 15 घायल

सबसे अधिक नुकसान तहसील खागा क्षेत्र में हुआ, जहां पांच महिलाओं समेत कुल 10 लोगों की मौत हो गई।

फतेहपुर में तूफान का कहर, 11 लोगों की मौत, 15 घायल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —

फतेहपुर / जनमत न्यूज। जनपद में आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दीवार गिरने, पेड़ उखड़ने और बिजली के पोल टूटकर गिरने से कई दर्दनाक हादसे हुए, जिनमें अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

सबसे अधिक नुकसान तहसील खागा क्षेत्र में हुआ, जहां पांच महिलाओं समेत कुल 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं तहसील सदर क्षेत्र में दीवार गिरने से दबकर एक महिला की जान चली गई। इस प्रकार पूरे जनपद में कुल 11 लोगों की मौत की पुष्टि प्रशासन द्वारा की गई है।

आंधी-तूफान से जुड़े विभिन्न हादसों में 15 लोग घायल हुए हैं। इनमें खागा क्षेत्र के 10 और सदर तहसील क्षेत्र के 5 घायल शामिल हैं। सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।

प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार और राजस्व कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रहकर राहत कार्यों की निगरानी करने को कहा गया है।

अपर जिलाधिकारी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि तेज तूफान के चलते खागा और सदर तहसील क्षेत्रों में जनहानि की घटनाएं हुई हैं। मृतकों के परिजनों को शासन की ओर से मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और निर्धारित समय सीमा के भीतर सहायता राशि दी जाएगी।

तूफान के कारण पशुहानि की भी सूचना है। खागा क्षेत्र में दो भैंस और पांच बकरियों की मौत हुई है, जबकि सदर तहसील क्षेत्र में एक भैंस के मरने की जानकारी मिली है।

फिलहाल प्रशासन पूरे जिले में सर्वे कर नुकसान का आकलन कर रहा है, ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाई जा सके।