फर्रुखाबाद में चक मार्ग पर दबंगों का कब्जा, 4 साल से भटक रहा किसान; अधिकारियों के आदेश बेअसर
गांव के दबंग ग्राम प्रधान से मिलीभगत कर लेखपाल व कानूनगो चक मार्ग की नाप नहीं कर रहे हैं। इस कारण दबंगों के चहेतों ने चक मार्ग पर अवैध कब्जा कर लिया है।
फर्रुखाबाद से वरूण दूबे की रिपोर्ट —
फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज। जनपद फर्रुखाबाद के तहसील कायमगंज क्षेत्र अंतर्गत ब्लॉक शमशाबाद के गांव समसपुर में सरकारी चक मार्ग पर दबंगों द्वारा कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उच्चाधिकारियों के कई बार आदेश देने के बावजूद लेखपाल और कानूनगो कार्रवाई करने से बच रहे हैं, जिससे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के दबंग ग्राम प्रधान से मिलीभगत कर लेखपाल व कानूनगो चक मार्ग की नाप नहीं कर रहे हैं। इस कारण दबंगों के चहेतों ने चक मार्ग पर अवैध कब्जा कर लिया है। इतना ही नहीं, कब्जाधारियों ने मार्ग पर पानी निकासी के लिए नाली तक बना ली है, जिससे रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया है।
चक मार्ग पर कब्जे के चलते किसानों के लिए अपने खेतों तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। कई किसानों को पैदल जाने तक में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिसके चलते उनकी फसल प्रभावित हो रही है और नुकसान उठाना पड़ रहा है।
पीड़ित किसान पिछले चार वर्षों से चक मार्ग को मुक्त कराने के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। तहसील दिवस से लेकर अन्य उच्चाधिकारियों तक कई बार शिकायतें की गईं और मार्ग को खाली कराने के आदेश भी जारी हुए, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि दबंग प्रधान के प्रभाव के चलते जिम्मेदार अधिकारी आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं। इससे न केवल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं, बल्कि किसानों में भी भारी रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों और किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि चक मार्ग को जल्द से जल्द कब्जामुक्त कराया जाए, ताकि उन्हें अपने खेतों तक जाने में सुविधा मिल सके और फसलों का नुकसान रोका जा सके।

Janmat News 
